एचपी इंटरनेशनल स्कूल में दशहरा का भव्य आयोजन

बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश

बदायूँ। एचपी इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को विजयदशमी (दशहरा) का पर्व बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे स्कूल परिसर में भक्ति, संस्कृति और पौराणिक परंपराओं का अद्भुत संगम दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने रामायण के दृश्यों का मंचन कर वातावरण को जीवंत बना दिया।

नवरात्रि के समापन पर विद्यालय की नन्हीं छात्राओं ने नौ देवियों के स्वरूप धारण कर मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद रामायण का मंचन हुआ, जिसने सभी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ दिया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण भगवान राम की अयोध्या वापसी का दृश्य रहा, जिसके बाद रावण दहन किया गया। इसने विजयादशमी का वास्तविक संदेश—सत्य की असत्य पर विजय और अच्छाई की बुराई पर जीत—को साकार कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री शिवम पटेल ने कहा कि दशहरा केवल एक पर्व नहीं बल्कि जीवन का मार्गदर्शन है, जो सिखाता है कि अंततः जीत सत्य और धर्म की होती है। निदेशिका सेजल पटेल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं।

प्रधानाचार्य संदीप पांडे ने बच्चों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि विद्यार्थी अपनी जड़ों और संस्कृति को और गहराई से समझ पाते हैं।

कार्यक्रम में एचपी इंस्टिट्यूट ऑफ़ हायर एजुकेशन के निदेशक रजत पटेल, प्राचार्या डॉ. रितिका चावला और उप-प्रधानाचार्य पंकज गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यालय की शिक्षा के साथ संस्कारों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 शकील भारती संवाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *