
बदायूं। गांधी ग्राउंड में आयोजित एकता विकास प्रदर्शनी एवं अंडर वाटर फिश टनल ‘जल परी’ का भव्य उद्घाटन पूर्व मंत्री आबिद रज़ा एवं नगर पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, एकता और विकास की भावना को सशक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि एकता विकास प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और सामाजिक संदेशों की जानकारी मिलती है, जो समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक है। उन्होंने आयोजकों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी।
नगर पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि यह प्रदर्शनी बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ मनोरंजन का भी बेहतरीन माध्यम है। अंडर वाटर फिश टनल ‘जल परी’ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से शहर में सकारात्मक वातावरण बनता है और नागरिकों को नया अनुभव मिलता है।
उद्घाटन के उपरांत अतिथियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सराहना की। कार्यक्रम के दौरान गांधी ग्राउंड में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों व युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और देर शाम तक लोग प्रदर्शनी व फिश टनल का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर सभासद मुकेश साहू, सभासद मोहित सक्सेना, बब्लू, इक़बाल अहमद, ओमप्रकाश, सुनील गुप्ता, बंटी साहू, अहमद हुसैन, शाहरुख अल्वी, अंकित अग्रवाल, रवि सक्सेना, विनोद साहू, अंकित जोशी, सुमित ठाकुर, विशाल साहू, सुरजीत गुप्ता, राजीव साहू, लक्ष्मी साहू, दुर्गेश जोशी, सुषमा साहू, भूदेवी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शकील भारती संवाददाता