
बदायूं। जनपद में आगामी चैत्र नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त किया।
इस दौरान अधिकारियों ने लावैला चौक, छः सड़का, सर्राफा बाजार, मुख्य बाजार और हलवाई चौक सहित अन्य व्यस्त स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान पुलिस बल भी उनके साथ मौजूद रहा।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित फुट पेट्रोलिंग जारी रखी जाए और पुलिस की सक्रियता हर समय बनी रहे। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ थाना पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
रात्रि के समय आमजन की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पुलिस मोबाइल टीमों को विशेष सतर्कता बरतने और लगातार गश्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस पहल का उद्देश्य आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराना है।
इस दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय सहित कोतवाली व सिविल लाइंस के प्रभारी निरीक्षक और अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
शकील भारती संवाददाता