
– जिले भर में सात दिन तक चलाया जाएगा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान
– 1292 सत्र लगाकर 19894 बच्चों, 6669 गर्भवती महिलाओं को लगाए जाएंगे टीके
बहजोई (सम्भल)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का चलाया जा रहा है। सोमवार को डीएम ने फीता काटकर अभियान का आगाज किया। उन्होंने लक्षित लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
बहजोई ब्लाॅक के पाठकपुर गांव स्थित टीकाकरण सत्र पर सीमएओ डीएम संजीव रंजन ने विधिवत फीता काटकर मिशन इंद्रधनुष अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने मौजूद बच्चों को पोलियो और रोटा वायरस वैक्सीन की खुराक पिलाई।
डीएम ने विभागीय अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं की जानकारी भी हासिल की। साथ ही निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र लाभार्थी टीका लगने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सीएमओ डॉ. पंकज विशनोई ने बताया कि सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का यह पहला चरण है। इसमें ऐसे बच्चों और महिलाओं को शामिल किया गया है, जिनका किसी कारण टीकाकरण छूट गया था। जिले भर में 1292 सत्र प्लान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन सत्रों पर 19,894 बच्चों और 6,669 गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जाएंगे। यहां डॉ. सचिन, डीपीएम संजीव राठौर, एआरओ महेश गौतम, वीसीसीएम अरशद रसूल, डॉ. दानिश सुहेल, लवली सक्सेना, प्रवीन कुमार, निहारिका, अंजू, सतीश तिवारी और आशा, आंगनवाड़ी स्टाफ का सहयोग रहा।
शकील भारती ब्यूरो चीफ



