डीएम ने बाढ़ प्रभावित गांव जामुनी का किया निरीक्षण

बदायूँ, 04 सितम्बर। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को तहसील सहसवान के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित गाँव जामुनी मोहन नगला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति और प्रभावित ग्रामीणों की आवश्यकताओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी परिवार को भोजन, पानी, स्वास्थ्य सुविधा अथवा अन्य आवश्यक सामग्री की कमी न हो। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा बाढ़ से घिरे क्षेत्रों में नावों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने, मेडिकल टीमों को गाँव-गाँव भेजने और साफ पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन करने और प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता व आवासीय सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है और प्रत्येक प्रभावित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी।

ग्रामीणों से संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने उनकी समस्याएँ सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार एवं प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।

 शकील भारती संवाददाता


 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *