
200 किलो सरसों तेल और 30 किलो हल्दी पाउडर सीज, चार नमूने जांच हेतु भेजे गए
बदायूं, 13 अक्टूबर।
आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी बदायूं के निर्देश पर यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य) सी.एल. यादव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल चार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए और बड़ी मात्रा में मिलावटी सामग्री सीज की गई।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु:
- गुरुनानक ऑयल मिल, उझानी: सरसों तेल का एक नमूना लिया गया तथा लगभग 200 किलो सरसों तेल (अनुमानित मूल्य ₹33,000) सीज किया गया।
- राजू किराना स्टोर, गोपी चौक: मूंग दाल का एक नमूना लिया गया।
- शंकर किराना स्टोर, आवास विकास कॉलोनी: सरसों तेल का एक नमूना लिया गया।
- संध्या किराना स्टोर, उझानी: हल्दी पाउडर का एक नमूना लिया गया तथा 30 किलो हल्दी पाउडर (अनुमानित मूल्य ₹6,000) सीज किया गया।
संग्रहित नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, गुणवत्तायुक्त और शुद्ध खाद्य सामग्री बेचने, तथा बिना लाइसेंस कारोबार न करने के कड़े निर्देश दिए गए।
साथ ही, आम जनता को मिलावटखोरी के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य) सी.एल. यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह, एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी माता शंकर बिंद, श्रीमती प्रिया त्रिपाठी, करन सिंह और प्रमोद कुमार शामिल रहे।
शकील भारती संवाददाता