नगर पालिका बदायूं में दीपावली पर 379 कर्मचारियों को मिला 23.62 लाख का बोनस


पूर्व मंत्री आबिद रज़ा व पालिकाध्यक्ष फातिमा रज़ा ने किया वितरण, कर्मचारियों के चेहरे खुशी से खिले

बदायूं। नगर पालिका परिषद बदायूं में दीपावली के अवसर पर चेयरमैन फातिमा रज़ा ने मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रज़ा के साथ मिलकर सामान्य व सफाई कर्मचारियों को बोनस और मिष्ठान वितरित किया।
पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने दीपावली पर कर्मचारियों को बोनस देने की परंपरा शुरू की थी, जिसे चेयरमैन फातिमा रज़ा ने आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी कायम रखा।

बाल्मीकि जयंती पर पूर्व मंत्री के आग्रह पर पालिकाध्यक्ष ने बोनस वितरण की घोषणा की थी, जिसके तहत आज कुल 379 कर्मचारियों को 23 लाख 62 हजार 606 रुपये का बोनस वितरित किया गया।
इसमें दैनिक वेतन भोगी, बैकलॉग व सफाई कर्मचारियों को 16 लाख 92 हजार 656 रुपये, 39 संविदा सफाई कर्मियों को 48 हजार 230 रुपये, तथा 90 सामान्य कर्मचारियों को 6 लाख 21 हजार 720 रुपये प्रदान किए गए।

पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि उनका उद्देश्य सदैव हर कर्मचारी के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने कहा कि पालिका के सभी कर्मचारी नगर परिवार का हिस्सा हैं, और उनकी खुशहाली नगर के विकास से जुड़ी है।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों से अपील की कि दीपावली और भाईदूज पर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखें। साथ ही पेयजल और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश भी दिया।

पालिका अध्यक्ष फातिमा रज़ा ने कहा कि दीपावली पर प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का सदस्य मानते हुए बोनस दिया गया है। उन्होंने बताया कि शहर को दो जोनों में विभाजित कर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि त्योहारी सीजन में बदायूं साफ-सुथरा और आकर्षक दिखे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली पर पेयजल और सफाई व्यवस्था सुचारू रखी जाए। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर से पेयजल आपूर्ति की जाएगी।

सफाई निरीक्षकों को आदेश दिए गए कि वे बाजारों और वार्डों की सफाई व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें। साथ ही ट्यूबवेलों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी, और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर पंप ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कार्य भी किया जाएगा।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी, जलकल अभियंता नितिन सक्सेना, सभासद गिरीश शुक्ला, अनवर खां, भागदेवी, भूदेवी चंदेल, प्रेमलता सिंह, ममता, राजीव नारायण रायजादा, मुख्य सफाई निरीक्षक मोहम्मद तैय्यब, सफाई निरीक्षक केशव गंगवार, अवर अभियंता सूर्य प्रताप सिंह, लेखाकार लवी कुमार, कार्यलय अधीक्षक खालिद अली खां, तथा बड़ी संख्या में पालिका के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सफाई मजदूर संघ और स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के सदस्यों ने पालिकाध्यक्ष फातिमा रज़ा का सम्मान कर आभार व्यक्त किया

 शकील भारती संवाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *