
बदायूं। नगर पालिका में लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ पालिका चेयरमैन का सख्त रवैया शुरू हो गया है। कई दिन से मिल रही शिकायतों के बाद अचानक गेट बंद कराया और रजिस्टर के साथ सभी कर्मचारियों की उपस्थिति को चेक किया तो नगर पालिका में हड़कंप मच गया। देर से पहुंचने वाले कर्मचारियों को बाहर कर दिया और ताला लगा दिया। लापरवाह गायब कर्मचारियों का जवाब-तलब किया।
मंगलवार को नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा अचानक सुबह 10 बजे नगर पालिका कार्यालय पहुंच गईं। उन्होंने सुबह 10.10 बजे कार्यालय के दोनों गेट पर ताला लगवा दिया। उसके बाद उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो 13 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। चेयरमैन को रजिस्टर के अनुसार मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, अवर अभियंता कृष्ण गोपाल चंद्रा, सफाई निरीक्षक राजीव मलिक, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र सिंह, लिपिक साहिर हुसैन, लिपिक मुशाहिद अली, लिपिक परवेज अहमद, लिपिक शिवम सुनार, टीसी नारायण दत्त शर्मा, अनुचर मानसरोबर, बेलदार बल्ली, पंप चालक मनोज सोनकर और अनुचर शारिक गायब मिले।
चेयरमैन ने 13 लेट लतीफ कर्मचारियों से तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है। नगर पालिका चेयरमैन ने कर्मचारियों के लिए आदेश जारी किया है। जिसमें कहा है कि अब कार्यालय अवधि में किसी भी कार्य, राजस्व वसूली के कार्य से बाहर जाते हैं तो संपूर्ण विवरण भ्रमण रजिस्टर में इंद्राज करके कार्यालय से जाएंगे। भ्रमण रजिस्टर में आने जाने का समय व कार्य व उद्देश्य का विवरण भरना अनिवार्य होगा। कार्यालय व फील्ड में किए गए काम का प्रतिदिन का कार्य का दैनिक रजिस्टर में इंद्राज करना भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कोई भी कर्मचारी बगैर लिखित अनुमति के मुख्यालय से बाहर नहीं जाएगा। उन्होंने सफाई निरीक्षक के कार्य में भी फेरबदल किया है। उन्होंने कार्यवाहक सफाई नायक राजू अपने कार्य के साथ सफाई वार्ड संख्या तीन प्रथम में भी कार्यवाहक सफाई नायक का कार्य करेंगे। दूसरे कार्यवाहक सफाई नायक महेंद्र को स्वास्थ्य अनुभाग से संबद्ध किया गया है।
शकील भारती संवाददाता
