ग्राम पंचायत की अनदेखी पर नगर पालिका आई आगे, खेड़ा नवादा में चला सफाई अभियान
बदायूं। बरेली-आगरा राजमार्ग पर नगर पालिका सीमा से सटे खेड़ा नवादा इलाके में लंबे समय से फैली गंदगी अब साफ हो चुकी है। यहां जमा कूड़े के ढेर न केवल दुर्गंध फैला रहे थे, बल्कि बीमारी का खतरा भी बढ़ा रहे थे। लगातार शिकायतों के बावजूद ग्राम पंचायत की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका चेयरमैन से मदद मांगी।
पालिकाध्यक्ष फ़ात्मा रज़ा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष सफाई अभियान का आदेश दिया। मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब और सफाई खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार की देखरेख में पालिका टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर कूड़े के ढेर पूरी तरह हटा दिए। सफाई कार्य युद्धस्तर पर किया गया और रास्ता बिल्कुल साफ हो गया।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर पालिका टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम लंबे समय से जरूरी था। नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष का धन्यवाद जताया और उम्मीद व्यक्त की कि आगे भी नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाएगी, ताकि क्षेत्र में दोबारा गंदगी न फैले।


शकील भारती संवाददाता
