
बदायूं, 17 अक्टूबर।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी बदायूं के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सी.एल. यादव एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह के नेतृत्व में दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज पर्व के दृष्टिगत आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मिलावटी खाद्यान्न एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु कार्रवाई की गई। शुक्रवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 08 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
जाँच के दौरान आरिफपुर नवादा स्थित कई प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) की टीम ने मौके पर ही 14 खाद्य पदार्थों की जांच की और उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। भूड़ बिसौली स्थित निजाकत के प्रतिष्ठान से एक सरसों तेल का नमूना लिया गया तथा शेष 198 किलोग्राम सरसों तेल (अनुमानित मूल्य ₹31,680) को नियमानुसार नष्ट कराया गया।

इसी प्रकार,
- सिसरका खेड़ा स्थित वाहन से पान मसाले का नमूना,
- डरेला में लालाराम के प्रतिष्ठान से खोया,
- मुड़िया धुरेकी स्थित जयप्रकाश शर्मा के प्रतिष्ठान से खोया,
- अटल चौराहा बिसौली स्थित बंगाली भाई के प्रतिष्ठान से पेड़ा,
- उधैती स्थित पालीवाल स्वीट्स से खोया,
- बरामय खेड़ा स्थित अर्जुन किराना स्टोर से नमकीन,
- तथा बेहटा गुसाई बिल्सी स्थित आलम के प्रतिष्ठान से छेना मिठाई का नमूना संग्रहित किया गया।

इन सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए गए कि वे खाद्य पदार्थों को ढककर रखें, दुकानों में स्वच्छता बनाए रखें, गुणवत्तायुक्त व शुद्ध खाद्य सामग्री ही बेचें तथा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करें।
मौके पर मौजूद आमजन को मिलावट से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह, खुशीराम, राजेंद्र नाथ मिश्रा, माता शंकर बिंद, करण सिंह, प्रमोद कुमार एवं सीमा यादव उपस्थित रहे।
शकील भारती संवाददाता