राष्ट्रीय बालिका दिवस पर रैली निकालकर किया जागरुक


बदायूँ: 24 जनवरी। प्रतिवर्ष की भांति शुक्रवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारम्भ डॉ. रामेश्वर मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूँ द्वारा राजकीय कन्या इन्टर कालेज बदायूँ के प्रांगण से किया गया। रैली के दौरान इन्टर कालेज की छात्राओं ने बैनर एवं स्लोगन को अपने हाथ में लेकर बदायूँ के नगर क्षेत्र में रैली निकाली तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं व अन्य जन-जागरुकता के नारे लगाकर जनसामान्य को जागरुक किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदायूँ द्वारा स्कूल की छात्राओं को संबोधित कर राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिये बने कानून, लिंग अनुपात, भारत में लिंग चयन और गर्भपात जैसे दण्डनीय अपराधों के संबंध में जानकारी देते हुए उन्हें जागरुक किया गया, साथ ही लिंग-भेद, लिंग विषमता, कन्या शिक्षा, कन्या पोषण, कन्या भ्रूण हत्या के संबंध में जानकारी दी। समाज में लड़का व लड़की के भेदभाव को दूर करने के लिये जागरुक होने व दूसरे को जागरुक करने के लिये प्रेरित किया।
इस अवसर पर डा. मोहन झा अपर मुख्य चिकित्सा, डॉ. पवन जायसी नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी, पूजा वर्मा सहायक अध्यापिका एवं अन्य स्टाफ व छात्राओं ने रैली में प्रतिभाग किया।

 शकील भारती संवाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *