
बदायूं। सूचना अधिकार जन जागरण पखवाड़ा के पांचवें दिन गांधी उद्यान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र राग “रघुपति राघव राजाराम” का कीर्तन करते हुए भ्रष्टाचार रूपी गंदगी के समूल उन्मूलन के लिए प्रार्थना की। साथ ही संगठन के पत्रक भी वितरित किए गए।

जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के संस्थापक/अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने कहा कि गांधीजी महामानव थे और उनके विचार आज भी पूरी दुनिया का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने संकल्प दिलाया कि हर घर में राष्ट्रपिता का चित्र लगाया जाएगा और प्रत्येक नागरिक साल में कम से कम एक खादी वस्त्र अवश्य खरीदे।
केंद्रीय कार्यालय प्रभारी रामगोपाल ने कहा कि 28 सितंबर से 12 अक्टूबर तक सूचना अधिकार जन जागरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान नागरिकों को सूचना कानून की जानकारी देकर उनमें चेतना उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ भारत सरकार से राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की।

प्रदेश समन्वयक सतेंद्र सिंह गहलौत ने बताया कि सूचना कार्यकर्ता नियमित रूप से विभिन्न विभागों से सूचना प्राप्त कर रहे हैं और कानून में सुधार हेतु जिम्मेदारों को मांगपत्र भेज रहे हैं।
मंडल समन्वयक एम एच कादरी ने सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और चिकित्सालयों के आसपास मांस व मछली बिक्री पर रोक लगाने की जरूरत बताई।
जिला समन्वयक आर्येंद्र पाल सिंह ने नागरिकों से व्यवस्था सुधार मिशन से जुड़कर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
अभियान में धनपाल सिंह, एम एल गुप्ता, सुरेश पाल सिंह चौहान, रामगोपाल, सतेंद्र सिंह गहलौत, एम एच कादरी, आर्येंद्र पाल सिंह, रामलखन एडवोकेट, विपिन कुमार सिंह एडवोकेट, प्रमोद कुमार, कृष्णपाल, नेत्रपाल, प्यारेलाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

शकील भारती संवाददाता