सोथा मोहल्ला में स्मार्ट मीटर लगाने का सघन अभियान

 

— 30 टीमों के साथ पहुंचे अधीक्षण अभियंता, हल्का विरोध भी झेला

– उपभोक्ताओं को समझाए स्मार्ट मीटर के फायदे, 18 जनवरी तक चलेगा अभियान
— जामा मस्जिद फीडर पर अधिक खपत और कम राजस्व बना वजह

 

बदायूं।
शहर के जामा मस्जिद फीडर से पोषित सोथा मोहल्ला में शनिवार को पावर कॉरपोरेशन द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने का व्यापक अभियान चलाया गया। अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर के नेतृत्व में 30 टीमों ने एक साथ इलाके में पहुंचकर घर-घर स्मार्ट मीटर स्थापित करने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान प्रशासनिक सतर्कता भी बनाए रखी गई।

स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत पर कुछ उपभोक्ताओं ने आपत्ति जताई और अपनी आशंकाएं जाहिर कीं, हालांकि अधिकारियों ने संयम के साथ उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के फायदे समझाए। अफसरों ने बताया कि स्मार्ट मीटर से बिजली खपत में पूरी पारदर्शिता रहेगी और उपभोक्ता स्वयं अपनी खपत की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही हर माह की पहली तारीख को स्वतः बिजली बिल जनरेट होगा, जिससे अनुमानित बिल, रीडिंग की गड़बड़ी और अनावश्यक शिकायतों से निजात मिलेगी।
अधिकारियों की समझाइश के बाद उपभोक्ताओं का विरोध शांत हो गया और अधिकांश लोग स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए सहमत हो गए। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जामा मस्जिद फीडर क्षेत्र में बिजली की खपत अधिक है, जबकि उसके अनुपात में राजस्व कम प्राप्त हो रहा है। इसी असंतुलन को दूर करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि 18 जनवरी तक सोथा मोहल्ला में सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। तय समय सीमा के भीतर स्मार्ट मीटर न लगवाने की स्थिति में विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जा सकती है। अभियान के दौरान अधिशासी अभियंता संजीव कुमार और एसडीओ सुमित कुमार मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से जहां विभागीय राजस्व में सुधार होगा, वहीं उपभोक्ताओं को भी समय पर और सही बिल मिलने का लाभ मिलेगा।

शकील भारती संवाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *