1200 किलो सरसों तेल सीज, जांच हेतु भेजे गए 4 नमूने


खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर सख्ती

बदायूँ, 14 अक्टूबर। आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व को ध्यान में रखते हुए आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल चार नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए और आमजन को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) सी.एल. यादव ने बताया कि मंगलवार को की गई कार्रवाई में घास मंडी, उसहैत दातागंज स्थित अजय पाल के प्रतिष्ठान से एक सरसों तेल का नमूना लिया गया, जबकि लगभग 1200 किलो सरसों तेल (अनुमानित मूल्य ₹2,00,000) को नियमानुसार सीज किया गया।
इसके अलावा, जालन्धरी सराय स्थित जय अंबे ट्रेडर्स से एक घी का नमूना, कछला चौराहा स्थित बांके बिहारी मिष्ठान भंडार से सोन पापड़ी का नमूना, तथा सोनू मिष्ठान भंडार से बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही, दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति सुधारने के लिए नोटिस जारी करने की संस्तुति भी की गई।

संग्रहित चारों नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्ता पूर्ण खाद्य सामग्री बेचने तथा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करने के कड़े निर्देश दिए।

मौके पर टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) सी.एल. यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.पी. सिंह, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह, खुशीराम, राजेंद्र नाथ मिश्रा, माता शंकर बिंद, करन सिंह, प्रमोद कुमार, सीमा यादव और प्रिया त्रिपाठी शामिल रहे।

शकील भारती संबाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *