– सपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी समर्थित उम्मीदवार के समर्थन में की बैठक
– विकास और बदलाव के लिए सभी से किया एकजुट होने का आहवान
बदायूं। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने चेयरमैन पद की प्रत्याशी नाजमी के पक्ष में बैठक कर उनके सपा समर्थित होने की मुहर लगा दी। उन्होंने विकास और बदलाव के लिए शहरवासियों से एकजुट होकर मतदान करने का आहवान किया।
चेयरमैन पद की प्रत्याशी नाजमी के कबूलपुरा आवास पर बैठक में सपा के जिला स्तरीय शीर्ष नेता शामिल हुए। पार्टी जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने सपा की ओर से नाजमी को समर्थन देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत सदस्य व अन्य पदों पर रहकर डाॅ शकील अहमद और पूर्व सभासद वसीम अहमद का पूरा परिवार हमेशा से जनता की सेवा में तत्पर रहा है। समाज के प्रति सेवाभाव को देखते हुए इनके परिवार की सदस्य नाजमी का सपा समर्थन करती है। जिलाध्यक्ष ने शहरवासियों का आहवान किया कि विकास और बदलाव के लिए यह वक्त का तकाजा है कि नाजनी के पक्ष में मतदान किया जाए।
सपा जिला महासचिव सुरेश पाल सिंह चैहान ने कहा कि शहर में व्याप्त समस्याओं को देखते हुए परिवर्तन की जरूरत है। निकाय चुनाव में एकमात्र नाजमी ही ऐसी प्रत्याशी हैं, जो शहर के विकास के साथ समस्याओं का समाधान कराने में सक्षम हैं। जिला उपाध्यक्ष सलीम अहमद ने कहा कि शहर को गंदगी व अन्य समस्याओं के मकड़जाल से निकालना होगा।
इसके लिए हमें निकाय चुनाव में बिरादरीवाद, गिले-शिकवे भुलाकर नाजमी के पक्ष में एकजुट होना पड़ेगा। डाॅ शकील अहमद और पूर्व सभासद वसीम अहमद ने वादा किया कि शहर की जनता के लिए हमेशा उनके दरवाजे खुले हैं। वह हमेशा की तरह सपरिवार जनता के साथ खड़े रहेंगे। अंत में शफी अहमद ने सभी का आभार जताया।