
बदायूं। कव्वाल तालिब सुल्तानी की चौथी पुण्यतिथि पर शहर के राजमहल गार्डन में बुधवार 13 दिसंबर की शाम छह बजे संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसमें देश विदेश में अपनी छठा बिखेर चुके दिल्ली के शास्त्रीय गायक नदीम खान, जाफर नियाजी सूफी सिंगर लखनऊ और दानिश सूफी सिंगर बदायूं भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। यह कार्यक्रम सूफी संगीत और शास्त्रीय संगीत से ओत प्रोत होगा।
इस कार्यक्रम में शिरकत करने वाले शास्त्रीय गायक देश ही नहीं विदेश में भी अपनी संगीत का जलवा दिखा चुके है। जिनमें नदीम खान बदायूं सहसवान घराने के शास्त्रीय गायक हैं। इन्होंने झांसी महोत्सव, सूरजकुंड मेला महोत्सव, विरासत संगीत सभा,अमीर खुसरो संगीत सभा, स्वर संगीत सम्मेलन सूरत, सप्तक संगीत समारोह आदि में अपने कार्यक्रम प्रस्तुत किये है। देश के अलावा इन्होंने रशिया, मॉरीशस वियतनाम, कंबोडिया, थाईलैंड, सिंगापुर, फ्रांस, कनाडा और अमेरिका देश में भी अपनी गायकी का परचम फहराया है।
दानिश हुसैन बंदायूनी कार्यक्रम में बदायूं का प्रतिनिधित्व करेंगे। बता दें दानिश हुसैन बदायूंनी पद्म विभूषण उस्ताद निसार हुसैन खान के पौत्र हैं।