
बदायूं। नगर पालिका परिषद में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री आबिद रज़ा और पालिकाध्यक्ष फ़ात्मा रज़ा द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि हमें एकजुट होकर विकास, भाईचारे और एकता को मज़बूत करना होगा। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज़ादी हमारे पूर्वजों की अनमोल धरोहर है, जिसे हमें सुरक्षित रखना है।
पालिकाध्यक्ष फ़ात्मा रज़ा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल जश्न का दिन नहीं, बल्कि शहीदों और महान नेताओं को याद करने का अवसर है। हमें उनके बलिदानों को व्यर्थ नहीं जाने देना और निरंतर देशहित में कार्य करना है।
अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने कहा कि संविधान ने हमें समान अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी है। यह दिन लोकतंत्र की असली ताकत – नागरिकों की एकजुटता – की याद दिलाता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सभासद, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन नवैद इकबाल गनी ने किया।


शकील भारती संवाददाता