तहसील सदर में भाकियू (असली) की मासिक पंचायत

किसानों-मजदूरों की समस्याओं पर उठी जोरदार आवाज

बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (असली) ने तहसील सदर में किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर मासिक पंचायत आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष हरीश पटेल ने की, जबकि संचालन जसवीर यादव ‘वकील साहब’ ने किया।

पंचायत को संबोधित करते हुए हरीश पटेल ने कहा कि पंजाब एंड सिंध बैंक किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड पर एक वर्ष में दो बार ब्याज पर ब्याज वसूल कर किसानों का शोषण कर रहा है। जबकि भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और एचडीएफसी बैंक केवल वर्ष में एक बार ब्याज लेते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन पंजाब एंड सिंध बैंक के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि जनपद में यूरिया व डीएपी खाद की भारी किल्लत है। समितियां और प्राइवेट दुकानदार ‘लगेज’ के नाम पर किसानों को लूट रहे हैं। यूरिया 280 से 300 रुपये तक और डीएपी 1450 से 1550 रुपये तक बेची जा रही है।

तहसील अध्यक्ष जसवीर सिंह ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत हो रहे टंकी निर्माण कार्य में पीएनसी कंपनी के ठेकेदार सीमेंट व सरिया तक बेच रहे हैं, जिससे मानकहीन कार्य हो रहा है और आए दिन टंकियां गिर रही हैं।

जिला अध्यक्ष केपीएस राठौर ने कहा कि गांव-गांव बारिश का पानी भरा हुआ है, जिससे बदबू फैल रही है और मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। मलेरिया का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत मच्छरनाशी दवा का छिड़काव कराने की मांग की।

उन्होंने आगे कहा कि बदायूं-वजीरगंज रोड पर दादी की रसोई पेट्रोल पंप के पास सड़क टूटी हुई है, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। पीडब्ल्यूडी को तुरंत मरम्मत करानी चाहिए। आवारा गौवंश से किसानों की फसलें नष्ट हो रही हैं, इसका समाधान होना चाहिए। स्मार्ट मीटर के मनमाने बिलों से मजदूर-किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। साथ ही, सरकारी स्कूलों का विलय व बंद होना बंद किया जाए, अन्यथा मजदूर-किसानों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा।

राठौर ने आरोप लगाया कि प्रशासन शिकायत पत्रों और ज्ञापनों पर कोई कार्रवाई नहीं करता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 6 बिंदुओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पंचायत में प्रमुख रूप से हरीश पटेल, प्रताप सिंह, पप्पू मोरिया, सूरजपाल सिंह, अशोक पटेल, बेला, जसवीर यादव, वकील साहब, अखिलेश गुप्ता, कमल गुप्ता, महिपाल वर्मा, हरबंस पटेल, सूर्य प्रताप यादव, प्रदीप कुमार, शायर भाई, नवीन अंसारी, कल्लू वाल्मीकि, राजेश भैया, पूनम गुप्ता आदि मौजूद रहे।

शकील भारती संवाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *