गंगा के जलस्तर पर सतर्कता: डीएम ने कादरगंज पुल से किया निरीक्षण

बदायूं, 23 अगस्त। जिलाधिकारी अवनीश राय ने शनिवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कादरगंज पुल से गंगा नदी के जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए और किनारे बसे ग्रामों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने राजस्व, पुलिस, आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पुल के दोनों ओर जलस्तर का गहन निरीक्षण कर मौजूद अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि गंगा किनारे के गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी समितियाँ सक्रिय की जाएँ और ग्रामीणों को समय-समय पर आवश्यक सूचनाएँ दी जाएँ।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी परिस्थिति में ग्रामवासियों को समस्या नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 शकील भारती संवाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *