
बदायूँ। के मदर्स पब्लिक स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे झंडों, गुब्बारों और देशभक्ति से जुड़े पोस्टरों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री राजेश यादव एवं प्रधानाचार्या श्रीमती शीबा खान द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारीगणों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर मातृभूमि के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक, कविता पाठ एवं प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह

लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती शीबा खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी केवल एक तिथि नहीं, बल्कि उस ऐतिहासिक संकल्प का प्रतीक है, जब भारत ने स्वयं को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय के मूल्यों पर आधारित है, जो प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें आत्ममंथन का अवसर देता है कि हम संविधान की आत्मा को अपने जीवन में कितना उतार पा रहे हैं। आज आवश्यकता है कि हम जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर देशहित को सर्वोपरि रखें। सशक्त भारत वही होगा, जहाँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अवसर और न्याय पहुंचे।
प्रधानाचार्या ने स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और वीर जवानों को नमन करते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ईमानदारी, अनुशासन और परिश्रम के मार्ग पर चलकर स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाएं तथा एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। संपूर्ण परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक और अविस्मरणीय रहा।
कार्यालय संवाददाता आनंद प्रकाश