महिलाओं ने लगाई भव्य प्रदर्शनी

बदायूं, 25 फरवरी।
होली, ईद और अन्य आगामी त्योहारों के मद्देनज़र महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘इनफिनिटी लाइफ स्टाइल’ के तत्वावधान में नगर के आर.के. रिसोर्ट में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालित हुई, जिसमें नगर सहित अन्य शहरों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रदर्शनी में महिलाओं ने सजावटी सामान, ज्वेलरी, परिधान, शूज़, पर्स, हस्तशिल्प एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल लगाए। उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए गए, जिसे आमजनमानस ने खूब सराहा। नगर की महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति से आयोजन स्थल पर विशेष रौनक देखने को मिली।

‘आत्मनिर्भर भारत’ और महिला सशक्तिकरण की भावना को साकार करते हुए इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम की आयोजक रिचा अशेष, ज्योति शर्मा और रिया ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में ब्लूमिंग डेल स्कूल की निदेशक पम्मी मेहंदीरत्ता तथा सौंदर्य विशेषज्ञ मणि गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आयोजक रिचा अशेष ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को एक मजबूत व्यवसायी के रूप में स्थापित कर उनकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह मंच विशेष रूप से कामकाजी महिलाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है।

महिला उद्यमी खुशबू गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होती है। एक ही मंच पर ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता के परिधान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो जाती हैं।
वहीं महिला व्यवसायी रीता गुप्ता ने कहा कि हस्तशिल्प उत्पादों के प्रदर्शन के लिए यह मंच अत्यंत प्रभावी है। इससे महिलाओं को न केवल आर्थिक मजबूती मिलती है, बल्कि उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार भी होता है।
प्रदर्शनी में रीतिका गुप्ता, किमी रस्तोगी, दीप्ति कटारिया, नितिका अग्रवाल, शशि आहूजा, नम्रता रस्तोगी, नीति शर्मा, सिमरन नारंग सहित 35 से अधिक महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाकर ग्राहकों का विश्वास जीता।

 शकील भारती संवाददाता

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *