विश्व मधुमेह दिवस: समय रहते जांच और संतुलित जीवनशैली से डायबिटीज पर पाया जा सकता है नियंत्रण

बदायूं। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर लोगों को डायबिटीज यानी मधुमेह के प्रति जागरूक करने और इसके बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जिसमें शरीर में रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) का स्तर सामान्य से अधिक हो जाता है। समय रहते इसकी पहचान और उचित उपचार न होने पर यह शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकती है।
जिला पुरुष अस्पताल बदायूँ के एनसीडी प्रभारी डॉ. स्वतंत्र पाल सिंह ने बताया कि मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आजकल बदलती जीवनशैली, खानपान में लापरवाही, शारीरिक गतिविधियों की कमी, मोटापा और तनाव के कारण मधुमेह के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि बार-बार प्यास लगना, अधिक पेशाब आना, भूख बढ़ना, बिना वजह वजन कम होना, थकान महसूस होना और घाव का देर से भरना मधुमेह के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लोगों को चिकित्सक से परामर्श लेकर जांच करानी चाहिए।
डॉ. स्वतंत्र पाल सिंह ने लोगों को सलाह दी कि मधुमेह से बचाव के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लें, मीठे पदार्थों का सेवन सीमित करें, प्रतिदिन नियमित व्यायाम या पैदल चलने की आदत डालें और अपने वजन को नियंत्रित रखें। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहें।
उन्होंने कहा कि मधुमेह होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। नियमित दवा, खानपान में सुधार, व्यायाम और चिकित्सकीय सलाह का पालन करके इस बीमारी को नियंत्रित रखा जा सकता है। लोगों को चाहिए कि वे अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहें और दूसरों को भी मधुमेह के प्रति जागरूक करें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *