
बदायूं। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर जोगीपुरा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री आबिद रजा और नगर पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा को सम्मानित किया गया। गुरुद्वारा जोगीपुरा मार्ग पर हॉटमिक्स सड़क का निर्माण कराने और प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में ऑक्टागोनल पोल पर तिरंगा लाइट लगवाने के लिए सिख समाज ने दोनों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान गुरुद्वारा कमेटी की ओर से शॉल ओढ़ाकर, प्रतीक चिह्न और सरोपा भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सिख समाज के लोगों ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां मनाते हुए उनके बताए सेवा, प्रेम, समानता, सद्भाव और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि गुरुद्वारा मार्ग पर हॉटमिक्स सड़क बनने और आकर्षक तिरंगा लाइट लगने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की सुंदरता में भी इजाफा हुआ है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री आबिद रजा ने सम्मान के लिए सिख समाज का आभार जताते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने पूरी दुनिया को मानवता, सेवा, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में प्रेम और सौहार्द को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और आम जनता की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में सहयोग करना हमेशा उनकी प्राथमिकता रही है।


![]()
