अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में अदनान की जीत पर विधायक हिमांशु यादव ने किया सम्मानित

बदायूँ । दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पाकिस्तान के खिलाड़ी को शिकस्त देकर भारत का नाम रोशन करने वाले बदायूं के ग्राम रमजानपुर निवासी अदनान अहमद को समाजवादी पार्टी के शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव ने सम्मानित किया। विधायक ने बरेली स्थित अदनान के आवास पर पहुंचकर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट किया। साथ ही शॉल ओढ़ाकर उनके परिवार का भी सम्मान किया।
गौरतलब है कि 6 नवंबर 2026 को दुबई में आयोजित बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अदनान अहमद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के खिलाड़ी को हराकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया था। उनकी इस उपलब्धि से बदायूं जनपद सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

इस मौके पर विधायक हिमांशु यादव ने कहा कि यह पूरे शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि रमजानपुर जैसे छोटे से गांव के प्रतिभाशाली युवा अदनान अहमद ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर देश का नाम दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने अदनान को शानदार जीत की बधाई देते हुए उनके माता-पिता और परिवार के सदस्यों की भी सराहना की।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे, ताकि क्षेत्र के युवा खेल के माध्यम से अपनी पहचान बना सकें और देश का गौरव बढ़ाएं।
इस दौरान बदायूं यूथ के अध्यक्ष जिया अंसारी, खालिद शेख, जावेद बख्श, खालिद सलमानी, मंतोष यादव, यासीन अंसारी, प्रशांत कुमार, सैफ जमीर और तारिक जमीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *