
बदायूं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बदायूं के चंद्रिका देवी इंटर कॉलेज में यातायात पुलिस द्वारा विशेष
जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान टीएसआई नासिर हुसैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इसलिए सड़क पर चलते समय हमेशा सतर्क रहें और यातायात के नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें।

उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें और चार पहिया वाहन में सफर करते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन न चलाने दें। इसके साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन ले जाना और ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करना दुर्घटनाओं को न्योता देने जैसा है।
टीएसआई नासिर हुसैन ने विद्यार्थियों से कहा कि बच्चे समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम हैं। वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता, भाई-बहनों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की अनमोल जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने, सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने और वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचने की सलाह दी।
यातायात पुलिस की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से घर-घर तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना और लोगों को जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
![]()

![]()

