
बदायूं। में किशोरियों के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा ‘पीरियड पाठशाला–0.2’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजा राम महिला इंटर कॉलेज, बदायूं में किया गया, जहां विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनीता ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. अनीता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी देते हुए बताया कि
पहली बार पीरियड आने पर किन-किन सावधानियों का पालन करना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने और किसी भी प्रकार की झिझक या भय से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे इस विषय पर अपने अभिभावकों और शिक्षकों से खुलकर संवाद करें।
महिला कल्याण विभाग की जिला समन्वयक छवि वैश्य ने मासिक धर्म से जुड़े अंधविश्वासों पर चर्चा करते हुए उन्हें दूर करने का संदेश दिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता मोहित कुमार ने पीरियड्स की उपयोगिता, स्वच्छता प्रबंधन और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
संस्था द्वारा संचालित इस अभियान के अंतर्गत बदायूं जनपद और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 10 वर्ष से अधिक आयु की किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में मासिक धर्म, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी जानकारी दी जा रही है, साथ ही छात्राओं के सवालों के समाधान भी किए जा रहे हैं।
![]()
संस्था के अनुसार यह अभियान पूरे मई माह तक चलेगा, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक किशोरियों तक जागरूकता पहुंचाना है। गौरतलब है कि यह मुहिम पिछले दो वर्षों से लगातार संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से अब तक लगभग 25 हजार छात्राओं को लाभान्वित किया जा चुका है। आगामी चरण में करीब 1 लाख छात्राओं तक इस पहल को पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह पहल किशोरियों के स्वास्थ्य, जागरूकता और आत्मविश्वास को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।




शकील भारती संवाददाता