राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूँ को मिला नया प्रधानाचार्य, डॉ. शिव कुमार ने संभाला कार्यभार

 

बदायूँ, 03 जून। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. (डॉ.) शिव कुमार ने कॉलेज के प्रधानाचार्य का कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना, विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना होगी। उन्होंने बताया कि सरकार की नीतियों और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों के अनुरूप शिक्षण एवं चिकित्सकीय कार्यों का संचालन किया जाएगा।

डॉ. शिव कुमार ने कहा कि मरीजों का हित सर्वोपरि रहेगा और शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने चिकित्सा शिक्षकों को शिक्षा, शोध और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
नवागत प्रधानाचार्य ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था, विशेषकर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं में मौजूद कमियों को शासन और प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

 

कार्यालय संबाददाता आनंद प्रकाश

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *