
बदायूं। मकर संक्रान्ति के अवसर पर नगर पालिका परिसर में पूर्व मंत्री आबिद रजा व पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा के नेतृत्व में समरसता भोज एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खिचड़ी भोज में सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जिससे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया।
पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि पर्वों पर जरूरतमंदों की सेवा और समरसता का भाव समाज को मजबूत बनाता है तथा ऊंच-नीच जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की प्रेरणा देता है। वहीं पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कड़ाके की ठंड में गरीब व असहाय लोगों की सहायता को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिली। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सेवा व सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
