
बदायूं। मदर्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने विद्यालय के बाहर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया है। इन प्रतियोगिताओं में पोस्टर, भाषण तथा विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विद्यार्थियों में स्वच्छता,

पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक चेतना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. उर्मिलेश जन-चेतना समिति एवं बदायूं क्लब के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
25 जनवरी 2026 को स्वच्छता एवं पर्यावरण विषय पर आयोजित

पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छ भारत और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। प्रतियोगिता में कक्षा 10 की छात्रा इकरा सैफी ने प्रथम तथा कक्षा 12 की छात्रा इलमा सैफी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
26 जनवरी 2026 को आयोजित भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘

प्रदूषण मुक्त समाज’ रहा। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से अपनी विचारशीलता एवं वक्तृत्व कला का शानदार प्रदर्शन किया। इसमें कक्षा 11 की छात्रा कनक चौधरी ने प्रथम तथा कक्षा 9 की छात्रा अनुषा नकवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके पश्चात 27 जनवरी 2026 को श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, बदायूं
में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर आयोजित विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी में विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा आद्या रावत ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इन सभी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सहभागिता कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि विद्यालय में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को माननीय जिलाधिकारी महोदय द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शीबा खान ने विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
