
शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली व एमआरएफ सेंटर निर्माण कार्य शुरू, वार्डवासियों की समस्याएं भी सुनी
बदायूं। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में विकास एवं निर्माण कार्य लगातार युद्धस्तर पर कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण तथा एमआरएफ सेंटर (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर) के निर्माण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। इन सभी योजनाओं पर कुल 58 लाख 17 हजार 139 रुपये की लागत आएगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा पालिकाध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने वार्डवासियों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। सड़क, नाली एवं स्वच्छता से जुड़े विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नगर पालिका द्वारा वार्ड संख्या-17 ऊपरपारा में गुलाब वाली गली तथा लालपुल मेन रोड पर मुन्ना गद्दी के मकान से सोहिल के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसकी लागत 5 लाख 71 हजार 631 रुपये है।
वहीं वार्ड संख्या-9 जालंधरी सराय में हामिद मेमोरी लाइब्रेरी से पप्पू महाजन के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य की लागत 3 लाख 80 हजार 373 रुपये है।
वार्ड संख्या-13 नाहर खां सराय में ओवरहेड जलाशय के पास एमआरएफ सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है, जिस पर 38 लाख 7 हजार 135 रुपये खर्च होंगे। यह केंद्र नगर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएगा।
इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या-27 में रंगीन मस्जिद से नूरुद्दीन होते हुए अख्तर के होटल तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य पर 10 लाख 58 हजार रुपये की लागत आएगी।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी जनहित के विकास कार्य इसी तरह जारी रहेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
इस मौके पर सभासद जया साहू, अख्तरी बेगम, पूर्व सभासद हबीब खां उर्फ गुड्डू भाई, अली अल्बी, श्याम बाबू साहू, मुजफ्फर, यूनिस अल्वी, अनीस सिद्दीकी, रिज़वान उर्फ बल्लू, फहीम, डॉ. नन्नू, अवर अभियंता सिविल सूर्य प्रताप, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, एसआई केशव गंगवार, लिपिक नवैद इकबाल गनी, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, गजेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
