शहर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने लखनऊ में विभिन्न मंत्रियों एवं अधिकारियों से की मुलाकात

बदायूँ के विकास कार्यों को मिली गति

लखनऊ। बदायूँ शहर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने आज लखनऊ में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों एवं उच्च अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान विधायक गुप्ता ने मा० उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर बजीरगंज विकास खण्ड में एक मिनी ऑडिटोरियम के निर्माण की मांग रखी। इस पर मा० उपमुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव/आंकलन तैयार कराने के निर्देश दिए तथा शीघ्र धनराशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।
इसके उपरांत विधायक ने समाज कल्याण मंत्री मा० असीम अरुण से भेंट कर बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के पार्कों के निर्माण की मांग की। मा० मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मांगों को शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
विधायक गुप्ता ने संसदीय कार्य मंत्री मा० सुरेश खन्ना से भी मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

इसके अलावा उन्होंने प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग (PWD) अजय चौहान से मिलकर क्षेत्र की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव गुरु प्रकाश से मुलाकात कर विधायक ने डूडा (DUDA) के माध्यम से शहर में प्रस्तावित सड़कों के कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कराने की मांग की, ताकि शहरी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बदायूँ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

कार्यालय संवाददाता आनंद प्रकाश

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *