यातायात नियमों को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान
ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को दी गई सख्त हिदायत
बदायूं। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। इसी क्रम में जालंधरी चौराहे पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को एकत्रित कर यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की अपील की।

इस मौके पर यातायात प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने लोगों से अभियान के दौरान चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार सवारी बैठाने, सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन खड़ा न करने, यातायात बाधित न करने, निर्धारित स्थान पर वाहन रोकने और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस मौके पर टीएसआई नासिर हुसैन ने चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि “यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। ऑटो और ई-रिक्शा चालक शहर की यातायात व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। इसलिए सभी चालक निर्धारित नियमों का पालन करें, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। आपकी थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हमारा उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।”
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए यातायात नियमों का पालन करें और बदायूं शहर को सुरक्षित एवं जाममुक्त बनाने में अपना सहयोग दें।
इस दौरान टीएसआई नासिर हुसैन, हेड कांस्टेबल मोहम्मद आमिल और कांस्टेबल कुलदीप कुमार मौजूद रहे।
![]()
![]()



