
बदायूं, 08 मई।
होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘पीरियड पाठशाला–0.2’ अभियान के अंतर्गत केदारनाथ बालिका इंटर कॉलेज, बदायूं में किशोरियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या श्रीमती कविता रस्तोगी ने किया। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता
और आत्म-देखभाल के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने मासिक धर्म से जुड़ी जरूरी जानकारियां देते हुए स्वच्छता प्रबंधन, संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को पीरियड्स से जुड़ी झिझक और भ्रांतियों को दूर कर खुलकर संवाद करने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य विभाग के किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता मोहित कुमार ने किशोरियों को पीरियड्स के दौरान स्वच्छता, संक्रमण से बचाव और सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक अंधविश्वासों और मिथकों पर भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण से चर्चा की गई।
संस्था द्वारा मई माह तक बदायूं एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किशोरियों के लिए ऐसे जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिकाओं श्रीमती हेमा मेहता, श्रीमती गीता तथा संस्था के सदस्य समर्थ का विशेष सहयोग रहा।


शकील भारती संवाददाता