बदायूं। बदायूं-शेखूपुर मार्ग पर असीम सिद्दीकी डिग्री कॉलेज के निकट सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश होने पर सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लगातार जलभराव के कारण सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार मोटरसाइकिल सवार पानी में छिपे गड्ढों का अंदाजा न लग पाने के कारण गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की ओर संबंधित विभाग का ध्यान कई बार दिलाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।


कार्यालय संवाददाता आनंद प्रकाश