बदायूं। मुजरिया क्षेत्र के सहसवान तहसील अंतर्गत ग्राम चतुरी नगला की वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर करीब 50 वर्ष पुराने रास्ते को खुलवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने ट्रैक्टर से रास्ता जोतकर बंद कर दिया है, जिससे बस्ती के लोगों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ताओं ने हल्का लेखपाल और ग्राम प्रधान पति पर भी मामले में निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने थाना और तहसील स्तर पर कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम गठित कर निष्पक्ष पैमाइश कराने, रास्ते की जांच करवाने तथा दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।


