
एक सप्ताह में कार्रवाई की मांग
बदायूँ। राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में सोमवार, 31 अगस्त को गौशालाओं में गौवंशों के संरक्षण एवं पशुपालन विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी के नाम पशुपालन विभाग से संबंधित शिकायतों का पत्र सौंपा गया। शिकायत पत्र संगठन के प्रांत महामंत्री पंकज गुप्ता ने दिया। इस दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संगठन ने मांग की कि सड़कों पर घूम रहे गौवंशों को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में संरक्षित किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में मानव जीवन और गौवंश दोनों की सुरक्षा हो सके। साथ ही जिले की सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई।
संगठन ने गौशालाओं में केवल सूखा भूसा दिए जाने का आरोप लगाते हुए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा और चोकर उपलब्ध कराने, पशु चिकित्सकों द्वारा नियमित निरीक्षण एवं बीमार गौवंशों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने की मांग की।
इसके अलावा सभी गौवंशों की अनिवार्य टैगिंग, मृत गौवंशों का रिकॉर्ड और मृत्यु का कारण दर्ज करने, गौशालाओं से संबंधित सभी रजिस्टर मौके पर उपलब्ध रखने तथा गौशालाओं में क्षमता से अधिक गौवंश न रखने की मांग की गई।
संगठन ने दुर्घटनाग्रस्त एवं घायल गौवंशों के तत्काल उपचार और उन्हें निकटतम गौशाला में संरक्षित कराने की व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई। साथ ही घायल गौवंशों के उपचार का सरकारी रिकॉर्ड तैयार करने तथा गंभीर रूप से बीमार गौवंशों का उपचार पशु चिकित्सक की जांच के बाद ही कराने की मांग की गई।
शिकायत में गौशालाओं में संरक्षित गौवंशों की वास्तविक संख्या और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज संख्या का टैग नंबरों के आधार पर मिलान एवं वीडियोग्राफी कराने की मांग की गई। इसके अलावा भूसा बैंक की व्यवस्था, ग्राम समाज की भूमि पर हरा चारा उगाने तथा सहभागिता प्रक्रिया के तहत सुपुर्द किए गए गौवंशों की भी जांच कराने की मांग की गई।
संगठन ने आरोप लगाया कि कई मामलों में सरकारी रिकॉर्ड और गौशालाओं में मौजूद गौवंशों की संख्या में अंतर है। संगठन ने इन मामलों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान करण दक्ष, श्याम शर्मा, विकास सनातनी, दारा सिंह, अंकेश सनातनी, सत्यम गुप्ता, महानंद मौर्या, अजय गुप्ता, शेखर सक्सेना, रुद्र सनातनी, अनिल कश्यप, गौरव मौर्या, गौरव माहेश्वरी, आनंद कोली, संजू यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



कार्यालय प्रभारी आनंद प्रकाश