
बदायूं। हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे प्रधानाचार्य मंसूर हुसैन ने ध्वजारोहण किया और सभी ने राष्ट्रगान गाया।

मुख्य अतिथि अब्दुल कुद्दूस रहे। विद्यार्थियों ने गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन एवं विचारों पर भाषण और गीत प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला।

प्रधानाचार्य मंसूर हुसैन ने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं कंप्यूटर शिक्षक नासिर हुसैन ने गांधीजी के जीवन और विचारों पर आधारित नज़्म प्रस्तुत की।
इस अवसर पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।




