
बदायूं के लालपुल स्थित आरफीन मैरिज लॉन में सपा की ओर से बदायूं और शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र का संयुक्त पीडीए महासम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद आदित्य यादव ने भाजपा सरकार पर विकास, महंगाई, बेरोजगारी, किसान संकट और प्रशासन के कथित दुरुपयोग को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने बदायूं को मेडिकल कॉलेज, ओवरब्रिज, फोरलेन और डिग्री कॉलेज जैसे विकास कार्य दिए, जबकि भाजपा के दस साल के कार्यकाल का जनता हिसाब मांग रही है।

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने ‘हम’ का नारा देते हुए कहा कि ‘ह’ से हिंदू और ‘म’ से मुस्लिम हैं और दोनों की एकजुटता से सत्ता परिवर्तन संभव है। उन्होंने भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर बांटने की राजनीति का आरोप लगाते हुए पीडीए को मजबूत करने का आह्वान किया।
आबिद रजा ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सांसद आदित्य यादव के नेतृत्व में बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशियों को जिताने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अपील की।


![]()

