बदायूं। श्री शिव शक्ति मानव सेवा समिति के पदाधिकारी शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा हेतु खाद्य सामग्री लेकर जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए। शिवभक्तों को लालपुल चौराहे से श्रद्धापूर्वक विदाई दी गई।
समिति पिछले 19 वर्षों से लगातार जम्मू-कश्मीर के बालटाल-दुमैल क्षेत्र में अमरनाथ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के लिए निःशुल्क सेवा कार्य कर रही है। संस्था प्रधान संजय पाराशरी एवं महासचिव डॉ. शम्स बदायूंनी ने बताया कि समिति इस वर्ष 20वें विशाल भंडारे का आयोजन करेगी, जिसमें श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और विश्राम की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी।
संस्था अध्यक्ष तुषार पाराशरी ने बताया कि वर्ष 2026 की अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। भंडारे में आने वाले श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी और सेवादार निस्वार्थ भाव से उनकी सेवा करेंगे।
महासचिव डॉ. शम्स बदायूंनी ने बताया कि 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की 57 दिवसीय यात्रा के दौरान प्रशासनिक एजेंसियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी श्रद्धालुओं की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग तथा बालटाल मार्ग से यात्रा कर बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. शम्स बदायूंनी, तुषार पाराशरी, समीर पाराशरी, नम्रता शर्मा, रितु शर्मा, प्रवीण भाटिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिवभक्त उपस्थित रहे।

![]()

