विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह द्वारा स्वयं रक्तदान कर किया गया। उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस महादान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का संचालन पैथोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सुचेता यादव, ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ. वैशाली सिंह एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। शिविर में कुल 20 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 15 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया।

रक्तदाताओं में जेसीआई नेशनल ट्रेनर सुधांशु गुप्ता, संजय कुमार, नितिन कुमार, सनी वाष्णेय, योगेश कुमार सिंह, राव रंजीत संतराम सहित अन्य जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन की निदेशक ममता कृष्णा सिंह तथा सह-संस्थापक राधेश्याम ने अपनी टीम के साथ शिविर की व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। संस्था के सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि रक्तदान एक सुरक्षित, सरल और मानवीय कार्य है, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान है” और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर सामाजिक सेवा, मानवता और जनकल्याण के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिसने समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

 कार्यालय संवाददाता आनंद प्रकाश

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *