
बदायूं। नगर पालिका परिषद बदायूं के प्रशासनिक आधुनिकीकरण की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से तैयार आधुनिक पालिकाध्यक्ष कक्ष का नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने फीता काटकर लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने नए कक्ष में बैठकर कार्यभार भी संभाला।
इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, सभासद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नए कार्यालय में आधुनिक फॉल्स सीलिंग, एलईडी लाइटिंग, आकर्षक इंटीरियर, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक फर्नीचर, आगंतुकों के लिए बैठक व्यवस्था तथा डिजिटल मीटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि नगर पालिका आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र है। इसलिए कार्यालय
का वातावरण आधुनिक, व्यवस्थित और जनहित के अनुरूप होना आवश्यक था। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और कार्यकुशलता बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ नागरिकों को मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पालिकाध्यक्ष कक्ष के बाद नगर पालिका भवन के अन्य कार्यालयों का भी चरणबद्ध तरीके से नवीनीकरण और आधुनिकीकरण कराया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम में सभासद रवि, भूदेवी चंदेल, प्रेमलता सिंह, लियाकत अली खां, ममता, राजीव नारायण रायजादा, शाजमा, मोहम्मद अनवर, अनवर खां, मनोज, किशोर, जया साहू, जीनत बेगम, कनीज फात्मा, अख्तरी, मोहित सक्सेना सहित नगर पालिका के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


कार्यालय संवाददाता आनंद प्रकाश