
वन विभाग ने किया सम्मानित
बदायूं, 12 जुलाई । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वन विभाग एवं 26 विभागों के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान के अंतर्गत हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन ने विभिन्न स्थानों पर उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने पौधों के संरक्षण एवं उन्हें वृक्ष

बनने तक सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
इसी क्रम में गंगा एक्सप्रेस-वे पर वन विभाग द्वारा आयोजित विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी संस्था ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सहयोग के लिए वन विभाग ने संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह तथा अभियान में शामिल अन्य सदस्यों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संस्था की सदस्य डॉ. स्वीटी गुप्ता, पूनम सागर, हरिओम वर्मा, सुमन वर्मा, सुमन पाल, विनीता तथा स्वयंसेवक रिया, सान्वी गौतम, कुमकुम, अंशिका, छवि, निधि और राजकुमार गौतम सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने कहा कि

“एक पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में संस्था ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस जनआंदोलन से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।


